विजय कुमार बंसल मुख्य संपादक
राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत हुए कार्यमुक्त, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में पुनः संभालेंगे प्राचार्य पद की जिम्मेदारी
5 अगस्त 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत स्थानांतरण के उपरांत आज संस्थान से विधिवत कार्यमुक्त हो गए। अब वे पुनः वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर (गढ़वाल) में प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
डॉ. रावत ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज में लगभग 1 साल के कार्यकाल के दौरान अपनी प्रशासनिक दक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया। विशेष रूप से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के विकास कार्यों को गति देने, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा संस्थान के समग्र विकास में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
इससे पूर्व भी डॉ. रावत वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल को आज भी उत्कृष्ट प्रशासन, पारदर्शी कार्यशैली और संस्थान के विकास के लिए याद किया जाता है। लगभग 15 वर्षों से प्राचार्य पद की जिम्मेदारी निभा रहे डॉ. रावत ने हल्द्वानी, श्रीनगर और हरिद्वार जैसे प्रमुख राजकीय मेडिकल कॉलेजों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की हैं।
डॉ. रावत के पुनः श्रीनगर लौटने की खबर से वहां के लोगों, चिकित्सा शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है। सभी को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
आज आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह का वातावरण भावुक रहा। संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. रावत को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार में कार्यरत श्री राकेश भण्डारी ने बताया की रावत सर के सरल व्यक्तित्व, ईमानदार कार्यशैली योगदान संस्थान के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा तथा अगली जिम्मेदारी के लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई एवं शुभकामनाएँ दी
