राकेश वालिया सह सपादक
माता पार्वती की तपस्या से प्रसन्न होकर बिल्केश्वर महादेव के नाम से विराजमान हुए भगवान शिव-साध्वी भगवती पुरी
हरिद्वार, 30 अक्टूबर। हरिद्वार भगवान शिव की नगरी है। हरिद्वार में अपनी निर्मल धारा के साथ साक्षात बह रही मां गंगा में स्नान कर लाखों श्रद्धालु अपना जीवन सफल बना रहे हैं। उक्त उद्गार निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी ने बिल्केश्वर महादेव मंदिर में दुग्धाभिषेक के उपरांत विश्व कल्याण की कामना करते हुए व्यक्त किए। साध्वी भगवती पुरी ने कहा कि भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने इस स्थान पर हजारों साल तक विल्व वृक्ष के नीचे तपस्या की। तपस्या के दौरान माता पार्वती प्रतिदिन गौरीकंुड में स्नान करती थी। उनकी कठोर साधना से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने माता पार्वती को दर्शन दिए और बिल्केश्वर महादेव के नाम से इस स्थान पर विराजमान हुए। साध्वी भगवती पुरी ने कहा कि राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को मोक्ष प्रदान करने के लिए स्वर्ग से पृथ्वी पर आयी मां गंगा अनादि काल से ही मानव मात्र का कल्याण कर रही है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की पवित्रता और निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
