*साधु-संतों की सेवा और गंगाजल वितरण सबसे बड़ा पुण्य कार्य : स्वामी मुक्तानंद जी महाराज*
आध्यात्मिक नगरी हरिद्वार स्थित गीता कुटीर तपोवन के परम पूज्य स्वामी मुक्तानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं प्रेरणा से समाजसेवा में अग्रणी श्री कैलाशी सेवा समिति फाउंडेशन द्वारा उत्तरकाशी के धराली, मुमुक्ष सेवा दण्डी क्षेत्र एवं गंगोत्री धाम में साधु-संतों के शीतकालीन भंडारे व राशन वितरण का पुनीत कार्य निरंतर किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी नीलू अरोड़ा ने बताया समिति के प्रधान अशोक कैलाशी व उनकी टीम द्वारा साल में दो बार गंगोत्री धाम में तपस्यारत साधु-संतों के लिए खाद्य सामग्री, दवाइयां, गर्म कंबल और राशन लेकर जाया जाता है। सेवा के इस महायज्ञ के साथ-साथ समिति द्वारा गंगोत्री धाम से 5,000 लीटर पवित्र गंगाजल लाकर भक्तजनों में निःशुल्क वितरित भी किया जाता है। समिति के इन्हीं उत्कृष्ट और निःस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा भी उन्हें सम्मानित कर सराहा गया है।
इस अवसर पर स्वामी मुक्तानंद जी महाराज ने समिति के सेवा प्रकल्पों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए गंगाजल की महिमा का बखान किया। महाराज जी ने कहा कि “5,000 लीटर साधारण जल मिलकर भी एक बूंद गंगाजल नहीं बना सकता, जबकि एक बूंद पवित्र गंगाजल 10,000 लीटर साधारण जल को भी गंगाजल बनाने की सामर्थ्य रखता है।” उन्होंने कहा कि गंगोत्री धाम की भीषण सर्दी में साधु-संतों के लिए खाद्य सामग्री और गर्म कंबल जुटाना तथा जन-जन तक मां गंगा का पवित्र जल पहुंचाना अत्यंत पुण्य का कार्य है।
राहत सामग्री के सुचारु वितरण और भंडारे की व्यवस्था के लिए समिति के प्रधान अशोक कैलाशी, सहित सेवादारों का दल पूर्ण समर्पण भाव से जुटा हुआ है।
